- नामांकन पत्रों की जांच का काम हुआ पूरा, आज नामांकन पत्र वापसी का दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सहकारी समितियों के चुनाव में संचालक पदों के लिए जमा नामांकन पत्र की बुधवार को जांच पूरी हो गई है। आज दावेदारों के लिए नाम वापसी का दिन है। उसके बाद प्रत्याशी फाइनल हो जाएंगे। समितियों पर 1888 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। करीब 500 पद पर दो दो दावेदार होने से चुनाव में मुकाबला रहेगा।
सहायक निबंधक सहकारी समितियां डॉ. प्रदीप सिंह के अनुसार 93 सहकारी समिति तथा चार अन्य समितियों में चुनाव है। 97 सहकारी समितियों में 847 संचालक पदों के लिए 1888 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। एक चुनाव क्षेत्र में अधिकतम चार से पांच गांव है। चुनाव क्षेत्र छोटा एवं मतदाता की संख्या सीमित है। इसलिए दावेदारों के बीच एक एक वोट के लिए रस्साकसी है। बाकी जगह त्रिकोणीय मुकाबले बताएं गए हैं।
कुल 188250 वोटर, सबसे अधिक बास्टा में
संचालक पदों के लिए 18 मार्च को वोट डाले जाएंगे। 97 समिति में कुल 188250 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जलीलपुर ब्लाॅक की किसान सेवा सहकारी समिति बास्टा में सबसे अधिक 5337 मतदाता हैं। इसके बाद किरतपुर ब्लाॅक की अकबराबाद सहकारी समिति में 5707 मतदाता हैं। सबसे कम 394 मतदाता धामपुर ब्लाॅक की मिलक जहांगीराबाद सहकारी समिति में हैं।
निर्विरोध प्रत्याशी परिचितों के चुनाव प्रचार में
सहकारी समितियों के चुनाव में 300 संचालक का निर्विरोध चुना जाना तय है। इसलिए इनमें से काफी ने दूसरे ब्लाक के निर्वाचन क्षेत्र में जाकर अपने परिचितों या रिश्तेदारों के चुनाव प्रचार की बागडोर संभाल ली है। हल्दौर ब्लाॅक में आए ऐसे ही एक व्यक्ति ने बताया कि चुनाव संचालक का नहीं सभापति का हो रहा है। सभापति पद के संभावित दावेदार अपने अधिक संचालक जिताने को पूरी ताकत लगाए हैं।
कहां कितनी समिति में है चुनाव
मोहम्मदपुर देवमल ब्लाॅक में 09 समिति
हल्दौर ब्लाॅक में 05 समिति
जलीलपुर, नहटौर व स्योहारा ब्लाॅक में 08-08-08 समिति
नूरपुर ब्लाॅक में 09 समिति
धामपुर ब्लाॅक में 10 समिति
अफजलगढ़ ब्लाॅक में 03 समिति
कोतवाली ब्लाॅक में 15 समिति
नजीबाबाद ब्लाॅक में 14 समिति
किरतपुर ब्लाॅक में 04 समिति
(इन संचालक पदों का चुनाव है।)
कासमपुरगढ़ी व शेरगढ़ में तीन नामांकन हुए निरस्त
अफजलगढ़। सहकारी समितियों पर संचालकों के चुनाव को लेकर कासमपुरगढ़ी, शेरगढ़ एवं कादराबाद समिति पर नामांकन पत्रों की जांच का कार्य पूरा कर लिया। तीनों समितियों में से कासमपुरगढ़ी व शेरगढ़ में तीन नामांकन निरस्त हुए हैं। कादराबाद समिति के एमडी लवेश कुमार ने बताया कि कादराबाद सहकारी समिति पर नौ वार्डों के लिए 20 नामांकन पत्र जमा किए गए थे। शेरगढ़ सहकारी समिति पर 09 वार्डों के लिए 23 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई, जिसमें 22 नामांकन पत्र जमा हुए। जिसमें नामांकन पत्रों की जांच में एक नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया है। सहकारी समिति कासमपुरगढ़ी के एमडी शिवबहादुर सिंह ने बताया में 9 वार्डों के लिए 29 नामांकन पत्र जमा किए गए। इसमें जांच में दो नामांकन गलत पाए गए। जिन्हें निरस्त कर दिया गया है।
नींदडू में दो निर्विरोध, छह वार्डों में चुनाव
नींदडू साधन सहकारी समिति नींदडू में दो संचालकों के निर्विरोध चुने जाने तथा एक वार्ड रिक्त रहने की स्थिति में छह वार्डों में चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि नाम निर्देशन प्रपत्रों के परिनिरीक्षण में सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। वार्ड संख्या-1 अंथाई शेख पश्चिम (अनुसूचित जाति) में अनुसूचित जाति का सदस्य/मतदाता नहीं होने के कारण वार्ड रिक्त रह गया। वार्ड संख्या-2 अंथाई शेख पूर्व (पिछड़ा वर्ग) में मदन पुत्र छंगा तथा वार्ड संख्या-5 फरजाना, नींदडू तृत्तीय (महिला) में रूकसाना पत्नी अतीक अहमद के अलावा किसी अन्य ने नामजदगी नहीं कराई।