किरतपुर। ग्राम भोजपुर में रेडिमेड कपड़ों की दुकान में घुसकर कुछ युवकों ने दुकानदार को तमंचा दिखाकर उसकी जेब से आठ हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि दुकान के गल्ले से भी रुपये लूटने की कोशिश की गई। युवकों ने दुकानदार व उसे बचाने आए युवक पर भी हमला कर घायल कर दिया। दुकानदार रवि कुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 30 अगस्त की शाम करीब पांच बजे छह युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। एक युवक ने तमंचा दिखाते हुए गल्ले से रुपये निकालने का प्रयास किया। दुकानदार ने विरोध किया तो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए स्टील के कड़े से उसके सिर पर हमला कर घायल कर दिया। बचाने आए राहुल के माथे पर भी स्टील के कड़े से वार कर घायल कर दिया गया। पीड़ित के मुताबिक, शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसकी जेब से आठ हजार रुपये लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए कार से भाग गए। सीओ नजीबाबाद आकांक्षा गौतम का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।