- जिले में कोरोेना के 35 सक्रिय मामले
- बुखार, खांसी, जुकाम होने पर कराई थी कोरोना जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में कोरोना के बढ़ते मामले चिंता का विषय बन रहे हैं। रोजाना कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। सोमवार को एक किशोरी सहित आठ कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिसके चलते इस समय कोरोना के 35 सक्रिय मामले हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि संक्रमित मरीजों ने बुखार, जुकाम, खांसी होने पर कोरोना जांच कराई थी।
बिजनौर में सोमवार को 462 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिनमें से 454 लोगों में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, एक किशोरी सहित आठ संक्रमित मिले हैं। नगीना में 35 वर्षीय महिला, कोतवाली के गांव मुकंदपुर में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला, मुनसफी नगीना में 15 वर्षीय किशोरी कोरोना संक्रमित मिली है। नहटौर के गांव रघुनाथपुर निवासी 24 वर्षीय युवती, नहटौर के मोहल्ला सादात नगर निवासी 73 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति, नहटौर के माेहल्ला दरबार सादात निवासी 38 वर्षीय पुरुष में कोरोना की पुष्टि हुई है।
वहीं, हल्दौर के गांव नानूपुरा निवासी 48 वर्षीय पुरुष, बिजनौर की आवास विकास कॉलोनी निवासी 22 पुरुष युवक कोरोना संक्रमित मिला। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सभी मरीजों की तबीयत ठीक बता रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार गोयल का कहना है कि कोरोना संक्रमित सभी मरीज अपने घरों में सुरक्षित स्वस्थ हैं। सामान्य तौर पर जांच कराने पर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।