- मंगलवार को दोपहर दो बजकर 52 मिनट पर महसूस हुए झटके
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में मंगलवार को दोपहर भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप के झटके महसूस होने पर लोग घरों के निकलकर बाहर खड़े हो गए। मंगलवार को दोपहर करीब दो बजकर 52 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। शहर में ही नहीं, बल्कि गांवों में भी भूकंप आया। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि पंखे, गाड़ी आदि सामान तेजी से हिल रहे थे। जिन्हें देख लोग घरों के बाहर निकल आए। हालांकि कुछ सेकेंड में ही भूकंप शांत हो गया। जिसके बाद लोग फिर से अपने प्रतिष्ठानों और घरों के अंदर गए। हल्दौर के मोहल्ला होली चौक, टाटमोहरा, जामा मस्जिद, रईसान, भूड़, जमनावाला व नांगलजट, गोवर्धनपुर नंगली आदि जगह भूकंप के झटके प्रतीत हुए। इसके अलावा नींदडू, राजा का ताजपुर, स्येाहारा, धामपुर, नजीबाबाद, चांदपुर, कोतवाली देहात, हीमपुर दीपा, बढ़ापुर, कासमपुर गढ़ी, कालागढ़, नगीना, अफजलगढ़ आदि स्थानों पर भी भूकंप के झटके महसूस हुए।
कालागढ़ में रामगंगा बांध पर मची अफरातफरी
कालागढ़। कालागढ़ में मंगलवार दोपहर 02:52 बजे भूंकप के दो झटके महसूस किए गए। रामगंगा बांध के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार त्यागी ने बताया कि झटके इतने अधिक तीव्र थे कि पूरा बांध हिल गया। बांध के पानी में हलचल मच गई। सभी कर्मचारी और अधिकारी नियंत्रण कक्ष से बाहर आ गए। सभी कुछ सुरक्षित है। सैडिल बांध के अधिशासी अभियंता ब्रजेश कुमार ने बताया कि बांध, मार्ग एवं स्टील ब्रिज, अफजलगढ़ बैराज आदि सभी कुछ सुरक्षित है।