रक्षाबंधन पर 19 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की
नजीबाबाद। उप्र परिवहन निगम के नजीबाबाद रोडवेज डिपो ने रक्षाबंधन के दौरान 19 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की। उधर, यात्रियों को यातायात संसाधनों की कमी से परेशानी का सामना करना पड़ा।
नजीबाबाद रोडवेज डिपो की अनुबंधित बसों सहित लगभग 60 बसों का रक्षाबंधन पर्व पर संचालन किया गया। दिल्ली रुट पर करीब 10 बसें लगाई गईं। अधिकांश बसों का संचालन नजीबाबाद, हरिद्वार और मुरादाबाद मार्ग पर किया गया। केंद्र प्रभारी उरूज जैदी ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं की यात्रा फ्री होने के बावजूद रोडवेज डिपो ने करीब 19 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की। पहले दिन करीब 10 लाख रुपये की आय अर्जित की गई। डिपो के चार कर्मचारियों निसार अहमद, धर्मपाल सिंह, ओमप्रकाश, बाबूराम को क्षेत्रीय कार्यालय के निर्देश पर दिल्ली के कश्मीरी गेट रोडवेज बस स्टेंड पर ड्यूटी लगाई गई है। रोडवेज कर्मचारियों ने जनपद बिजनौर तथा मुरादाबाद मंडल के बस स्टेशनों पर आने वाले यात्रियों का मार्गदर्शन किया।
उधर, यात्रियों की भारी भीड़ के चलते सीमित रोडवेज बसें होने से यात्रियों को दोनों दिन आवागमन संबंधी समस्याओं से जूझना पड़ा।