जलालाबाद/नजीबाबाद। ई-रिक्शा तालाब के किनारे पलटने से बृहस्पतिवार की रात एक युवक की मौत हो गई। ई-रिक्शा में सवार उसकी भाभी और एक रिश्तेदार घायल हो गए।
गांव कल्हेड़ी निवासी खलील अहमद के दामाद स्योहारा निवासी शादाब (35) अपनी भाभी मुमताज और साढ़ू हसीन के साथ देहरादून से रात करीब नौ बजे नजीबाबाद स्टेशन चौराहे पहुंचा था। तीनों ने कल्हेड़ी जाने के लिए ई-रिक्शा लिया। कल्हेड़ी जाते समय रम्मनवाला में तालाब किनारे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। शादाब नीचे दब गया। उसकी भाभी और साढू ने किसी तरह स्वयं को बाहर निकाला। ई-रिक्शा में दबे शादाब को प्राइवेट नर्सिंग होम में पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि ई-रिक्शा के नीचे दबे शादाब के मुंह में पानी भर गया था, जिससे उसकी मौत हुई।