अयोध्या से देहरादून लौट रही थी रोडवेज की बस
बस के टकराने से दो लोगों के मकान क्षतिग्रस्त
बस में सवार यात्री उतर कर अन्य वाहनों के सहारे चले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर(बिजनौर)। अयोध्या से लौट रहा देहरादून रोडवेज बस डिपो का चालक रूट डायवर्ट होने के कारण शनिवार की रात स्योहारा थाना क्षेत्र में रास्ता भटक कर जमालपुर गांव में घुस गया। गांव में तंग रास्ते में बस फंस गई। दो लोगों के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद बस में सवार यात्री उतर कर अन्य वाहनों के सहारे गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
प्रशासन की ओर से कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए धामपुर-मुरादाबाद मार्ग पर रूट डायवर्ट किया गया है। शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे देहरादून डिपो की बस संख्या यूके 07पीए-4471 अयोध्या से लौट रही थी। मुरादाबाद मार्ग पर रूट डायवर्ट होने के कारण चालक और परिचालक रास्ता भटक गए और धामपुर जाने के स्थान पर स्योहारा थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में पहुंच गए।
गांव की गलियां तंग होने के कारण बस फंस गई। बस के टकराने से प्रधान कपिल चौधरी और हरपाल सिंह का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। मगर, किसी को चोट नहीं आई। आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। घटना की सूचना पुलिस को भी दी। इसके बाद बस सवार यात्री उतर कर अन्य वाहनों के सहारे गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
पुलिस की टॉर्च के इशारे को देख भटका रास्ता
चालक ने बताया कि वे मुरादाबाद से धामपुर की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में गोरा बादल पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस स्टाफ ने टॉर्च दिखाकर उन्हें जमालपुर गांव की ओर जाने का इशारा किया। इस इशारे को देख उन्होंने बस को जमालपुर गांव की ओर तेजी से बढ़ा दिया। पुलिसकर्मी इशारा न करते तो वे बस को पुलिस चौकी पर रोक लेते।
पुलिस ने किया बस का चालान
अपर पुलिस अधीक्षक धर्म सिंह का कहना है कि जब रोडवेज के अधिकारियों को अवगत है कि मुरादाबाद मार्ग पर रूट डायवर्ट है तो बस को मार्ग पर कैसे आने दिया। सभी वाहनों को मुरादाबाद से ठाकुरद्वारा, जसपुर से धामपुर के लिए निकाला जा रहा है। यह बस मुरादाबाद रोड पर कैसे पहुंची। बताया कि ग्रामीणों की सहायता से किसी तरह बस को निकलवाकर थाने में खड़ा कराया गया। चालान भी किया गया है। रोडवेज निगम के अधिकारियों को फिर से अवगत कराया गया कि चालक-परिचालकों को निर्देशित करें कि जो रास्ता तय है, उसी से बसों को लेकर गंतव्य की ओर रवाना हो।