बिजनौर। जिले में पड़ रही अत्यधिक सर्दी और घने कोहरे को देखते हुए सभी बोर्डों के विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है। प्रशासन के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बताया कि जिले के सभी बोर्ड से संबद्ध कक्षा एक से कक्षा 12 तक के विद्यालय अग्रिम आदेशों तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जाएंगे। बीएसए ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। जब तक समय में पुनः बदलाव को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं होता है। तब तक सभी बेसिक शिक्षा, माध्यमिक, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा, समाज कल्याण बोर्ड आदि से संचालित विद्यालय इसी निर्धारित समय के अनुसार संचालित रहेंगे। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। आदेश की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।