बास्टा। तीन दिन से टंकी के ट्यूबवेल की मोटर में करंट नहीं आने से बास्टा व बीबीपुरा कस्बों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। दोनों कस्बों में लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। वाटर लेवल खराब होने के कारण लोगों को दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। लोगों का आरोप है कि टंकी में कई दिनों से सप्लाई बंद है। जल निगम के अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं। सरकार द्वारा रेड जोन घोषित होने के बावजूद दूषित पानी पीना पड़ रहा है। दोनों कस्बों की आबादी लगभग बीस हजार की है। टंकी के प्रांगण में कूड़ा कचरा गंदगी फैल रही है। कई सालों से ही टंकी की सफाई नहीं हुई है। आए दिन टंकी पर समस्या पैदा होती रहती है। जल निगम के एसडीओ अकबर अली ने बताया कि बंदरों ने तार तोड़ दिए थे, जिससे फाल्ट हो गया था। पानी की सप्लाई जल्द ही चालू करा दी जाएगी।