पाइप लाइन टूटने से पेयजल आपूर्ति ठप
अफजलगढ़। आसफाबाद चमन बस स्टैंड के निकट टंकी की पाइप लाइन फटने से दो दिन से आधा दर्जन गांवों की पेयजल आपूर्ति ठप है। गांव के ओवरहेड टैंक से छह गांवों के सैकड़ों लोगों को पेय जल की आपूर्ति की जाती है। आलमपुर गांवड़ी निवासी अजय शर्मा, रामकुंवर सिंह, सुशील कुमार, असलम अंसारी, मनमोहन सिंह आदि ने बताया कि उनके घरों में पिछले दो दिन से पेय जल आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे घरेलू कामकाज के लिए दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। उन्होंने पानी न आने की शिकायत टंकी ऑपरेटर योगराज सिंह से की तो उसने बताया कि अधिक बारिश के कारण पेयजल सप्लाई के पाइप के बाहर कचरा अड़ गया। पानी के दबाव में पाइप टूट गया है। उच्च अधिकारियों को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। ग्रामीणों ने जल निगम के अधिकारियों से शीघ्र पेयजल की आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। जल निगम के जेई शुभम सक्सेना का कहना है मामला संज्ञान में है। जल्द टूटे पाइप को सही करा दिया जाएगा।