पानीपत-खटीमा राजमार्ग के निर्माण के दौरान बिजनौर के डेहरी में हुए जलभराव से निकलते लोग।
- फोटो : BIJNOR
कोतवाली देहात। निर्माणाधीन बिजनौर कोतवाली देहात मार्ग पर ग्राम नूरअलीपुर भगवंत में सड़क की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण गांव में पानी की निकासी बंद हो गई है। इसके कारण पूरे गांव की सड़कों पर पानी भरा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है।
बिजनौर से कोतवाली देहात तक पानीपत खटीमा राजमार्ग के अंतर्गत सड़क का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम नूर अलीपुर भगवंत उर्फ डेहरी में सड़क की ऊंचाई काफी हो गई है। गांव की पानी की निकासी के लिए एक नाला था जो कि सड़क निर्माण के दौरान बंद हो गया है। इससे गांव के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और गांव की सड़कों पर भारी जलभराव हो गया है। इससे ग्रामीणों को निकलने में भी भारी समस्या का सामना करना पड़ता है।
ग्राम प्रधान नसीम अहमद ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों तथा जिलाधिकारी को भी अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है। कुछ दिन पहले गांव की सड़क को लेकर ग्रामवासी धरने पर बैठे थे। इसके बाद अभी तक गांव की पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। जिलाधिकारी को पत्र भेजकर गांव की पानी की निकासी की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। पूरे गांव की सड़कों पर भरा पानी कई बार कुछ ग्रामीणों के घरों में भी भर जाता है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया है। एनएचएआई के कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र दिया है लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। शीघ्र कार्यवाही होनी चाहिए।
इस संबंध में एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर सत्येंद्र पांडे ने बताया कि गांव में नाले का निर्माण एनएचएआई की कार्य योजना में शामिल नहीं है। उच्चाधिकारियों को इस संबंध में बता दिया गया है। आदेश मिलने पर कार्य किया जाएगा। ग्रामीण मनोज कुमार का कहना है कि गांव में जलभराव की भारी समस्या है। इससे शीघ्र निजात मिलनी चाहिए। ग्रामीण योगेश कुमार ने मांग की कि गांव में अविलंब पक्का नाला बनाया जाए जिससे पानी की निकासी हो सके। संदीप कुमार का कहना है कि जिस प्रकार से काफी दिनों से गांव में गंदा पानी भरा हुआ है इससे गांव में बीमारी फैलने का खतरा है।