नजीबाबाद के चतरूवाला में बोक्सा परिवारों की समस्याएं सुनते डीएम उमेश मिश्रा।
- गांव में रहने वाली बोक्सा जनजाति के परिवारों की सुनीं समस्याएं
फोटो-07एनजेडबी01आर
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने गांव चतरूवाला में बोक्सा जनजाति के परिवारों की समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग द्वारा बंद किया गया रास्ता खुलवाने की डीएम से मांग की।
डीएम मंगलवार को ग्राम पंचायत मोटाढाक के गांव चतरूवाला पहुंचे। गांव में बोक्सा जनजाति के 14 मजदूर पेशा परिवार रहते हैं। जिलाधिकारी ने एसडीएम विजय वर्धन तोमर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, बीडीओ ज्योति चौधरी और ग्राम प्रधान सागर बडोला के साथ गांव चतरूवाला के बोक्सा जनजाति के घर-घर जाकर समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने जाफराबाद से चतरूवाला मार्ग पर वन विभाग द्वारा खाई खोदकर रास्ता बंद करने से होने वाली परेशानी से डीएम को अवगत कराया गया। डीएम ने बिजली-पानी, राशन और सरकार से मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में बोक्सा परिवारों से जानकारी ली। बोक्सा जनजाति की महिलाओं ने जीविकोपार्जन के लिए गोशाला और डेयरी आदि की स्थापना कराने मांग की।
डीएम ने शौचालय और मकानों की स्थिति का भी जायजा लिया। एक महिला ने खस्ताहाल मकान दिखाते हुए प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान बनवाने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान सागर बडोला ने चतरूवाला और ग्राम पंचायत में विकास योजनाओं की डीएम को जानकारी दी। बोक्सा जनजाति परिवारों की ओर से मदन सिंह, दयावती, प्रमो देवी, पूरन सिंह, शिब्बू, कलीराम, रमेश ने डीएम को क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया।