प्लांट से आय अर्जित न कर पाने पर डीएम खफा
बिजनौर। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चांदपुर द्वारा विगत छह माह से अधिक स्थापित सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट मैनेजमेंट प्लांट से आय अर्जित न कर पाने पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने सड़क किनारे कूड़ा पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही करने की चेतावनी दी। डीएम ने प्रत्येक नगर निकाय में स्थापित सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट मेनेजमेंट प्लांट स्थापित करने तथा उन्हें आय का स्रोत बनाने के दिए निर्देश दिए।
कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि अधिशासी अधिकारियों को नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने तथा नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कुछ नया कार्य करें। साथ ही अस्पताल, स्कूलों, बस अड्डों का सुंदरीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में सभी ईई को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र में किसी भी स्थान पर जलभराव, पाइप लाईन में पानी का रिसाव एवं गंदगी, कूड़े के ढेर नहीं पाये जाने चाहिए। सभी ईओ पानी की लगातार टेस्टिंग कराते रहें और पानी में ब्लीचिंग पाउडर भी नियमित रूप से निर्धारित अवधि में टंकी में डलवाना सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह एवं सभी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।