- सात मई से नौ मई तक आयोजित होंगी राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियाेगिताएं
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
रेहड़। डीएम ने दौरा कर पीली बांध पर जल्द आयोजित होने वाले नेशनल वाटर गेम्स की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रविवार को डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ पीली डैम पर अगले माह सात मई से नौ मई तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय जलक्रीड़ा प्रतियोगिता की तैयारियों का निरीक्षण किया। यहां राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसी के मद्देनजर पीली बांध पर मार्गों की मरम्मत, तटबंधों की साफ सफाई एवं मरम्मत आदि का कार्य चल रहा हैं। उन्होंने बताया कि यहां के प्राकृतिक सौंदर्य को लोगों तक पहुंचाने के लिए तथा पर्यटन व खेलों के क्षेत्र में बिजनौर को स्थापित करने के उद्देश्य से सभी प्रयासरत हैं। इसी के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है।
डीएम ने प्रशासनिक अमले के साथ पीली डैम पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर अधूरे पड़े कामों को शीघ्र गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ पूर्ण बोरा, एसडीएम धामपुर मनोज कुमार सिंह, एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, जनरल सेक्रेटरी ओलंपिक उत्तराखंड डॉ. डीके सिंह, अधीक्षण अभियंता सिंचाई मुरादाबाद एचएन सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई राकेश कुमार, अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।