डीएम ने किया थानों का निरीक्षण
नगीना/बढ़ापुर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने शनिवार नगीना और बढ़ापुर थाने का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
नगीना थाने पहुंचने पर एसआई जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने डीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जिलाधिकारी ने सलामी गारद को पांच सौ रुपये नकद राशि दी। उन्होंने थाने के मुख्य कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, महिलाओं संबंधी शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। डीएम ने त्योहार, गुंडा एक्ट, तहसील दिवस, थाना दिवस रजिस्टर को भी देखा। डीएम ने कहा कि क्षेत्र में कही भी अवैध शराब, अवैध खनन व बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने थाने में रखे शस्त्रों का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर एसडीएम अशोक मौर्य, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी मौजूद रहे। उधर, डीएम रमाकांत पांडेय ने बढ़ापुर थाने का भी निरीक्षण किया। थाना दिवस में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को भी सुना। डीएम ने तहसील व थाना दिवसों में आने वाली शिकायतों के निस्तारण की सच्चाई जानने के लिए थाना क्षेत्र की दो महिलाओं से फोन पर संपर्क कर उनकी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति को भी परखा। इसके बाद थाने के अपराध रजिस्टर, तहसील व थाना दिवस रजिस्टर, महिला उत्पीड़न व थाने की साफ-सफाई का जायजा लिया। डीएम रमाकांत पांडेय ने पुलिस गारद प्रभारी एसआई प्रवीण कुमार को अच्छे कार्य के लिए नगद धनराशि देकर पुरुस्कृत भी किया। डीएम ने बिजली संबंधी शिकायतें मिलने पर समाधान दिवस में मौजूद अवर अभियंता (विद्युत) सुनील कुमार को कार्य में सुधार लाने की हिदायत दी।