बिजनौर में बाढ़ प्रवाहित क्षेत्र का निरीक्षण करते डीएम उमेश मिश्रा।
- मालन नदी में बल्ली डालकर पानी की गहराई का किया आकलन
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंगलवार को मालन नदी स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र गांव रफीउलनगर उर्फ रावली पहुंचे। वहां उन्होंने नदी के कटान व बाढ़ से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही गांव को मालन नदी के कटान से सुरक्षित रखने के लिए स्प्रिंग बल्ली तकनीक का प्रयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गांव के समीप स्थित मालन नदी के किनारे जाकर नदी में बल्ली डालकर पानी की गहराई का आकलन किया और दुर्घटना की आशंका के दृष्टिगत ग्रामीणों को स्वयं एवं बच्चों को नदी किनारे न आने की सलाह दी। उन्होंने मालन नदी के पानी से हो रहे कटान का जायजा लिया। गांव को भविष्य में बाढ़ से बचाने के लिए नोडल अधिकारी बाढ़ को नदी किनारे स्प्रिंग बल्ली मेड़बंंदी तकनीक का प्रयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण बंधुओं को आह्वान किया कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ नियंत्रण कार्याें में विभागीय अधिकारियों को अपना सहयोग उपलब्ध कराएं। ताकि कार्य में गुणवत्ता के साथ तेजी भी सुनिश्चित की जा सकें।
उन्होंने उपजिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को गांव को बाढ़ से सुरक्षित रखने के साथ ही राहत एवं बचाव से संबंधित सभी तैयारियां पूरी रखने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, नोडल अधिकारी बाढ़ नियंत्रण, अधिशासी अभियंता सिंचाई खण्ड एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।