डीएम को निरीक्षण में अनियमितताओं का अंबार मिला
बिजनौर। डीएम ने किरतपुर ब्लाक की पंचायत उमरपुर के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। डीएम ने जल जीवन मिशन के आधे अधूरे कार्यों पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। जल निगम बिजनौर के अधिशासी अभियंता तथा बीडीओ किरतपुर का जवाब तलब करने की सख्त हिदायत दी। कार्यदायी संस्था को सुधार नहीं होने पर एफआईआर की चेतावनी दी।
डीएम उमेश मिश्रा तथा सीडीओ पूर्ण बोरा ने विकास खंड किरतपुर के ग्राम उमरपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित करायी जा रही पाईप पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग व अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, बिजनौर, संबंधित कार्यदायी एजेंसी एलसी इंफ्रा के प्रोजेक्ट मैनेजर, थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी के डीपीएम और ग्रामीण मौजूद रहे।
जांच में पाया गया कि कार्यदायी एजेंसी की ओर से पाईप लाइन डालने को तोड़ी गयी सीसी रोड पर कराये गये मरम्मत कार्य की गुणवत्ता सही नहीं है। निर्देश दिए कि सुधार नहीं होने पर कार्यदायी एजेंसी के विरुद्ध एफआईआर कराई जाए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल कनेक्शन दिये जाने के अंतर्गत कनेक्शन के लिए चार मीटर लंबाई में पाईप छोड़ने का मानक है। कनेक्शन पाईप की लंबाई मौके पर कम मिली। घरों के सामने लगे कनेक्शन की ऊंचाई ग्राउंड लेवल से एक मीटर होनी चाहिए। मौके पर निर्धारित मानक से कम मिली।इस पर डीएम ने जल निगम के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया।
पंचायत सचिव से मांगा स्पष्टीकरण
डीएम ने ग्राम में प्राथमिक विद्यालय, पंचायत घर व सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने पंचायत घर की छत से पानी टपकने की शिकायत की। जिस पर बीडीओ से पूछा कि पंचायत भवन का निर्माण कार्य गुणवत्तायुक्त क्यों नहीं है। सामुदायिक शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं है, जेट पंप लगा है व बिजली कनेक्शन नहीं है। जिसे लेकर ग्राम पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण तलब किया।