चांदपुर। मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने चांदपुर-बास्टा-मानपुर-अहराला मार्ग का निरीक्षण किया। सूचना विभाग के अनुसार लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की ओर से ओडीआर के तहत 69.25 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। करीब 39.47 करोड़ रुपये की लागत से मार्ग को दो लेन में विकसित किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा समय से काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने विकासखंड नूरपुर के ग्राम बेड़ा खुर्द में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित ग्रामीण पाइप पेयजल योजना की पानी की टंकी का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर गांव में जलापूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। योजना के तहत मंडलायुक्त ने परिवारों को भी जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 367.57 लाख रुपये की लागत वाली परियोजना के तहत कार्यदायी संस्था वीटीएल के प्रतिनिधि को ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने सेक्रेड हार्ट चर्च, राजा का ताजपुर का भी दौरा किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।