- निर्माण के लिए टेंडर हुए जारी, अगले सप्ताह से चालू होगा निर्माण
- मौजूदा वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना के लिए बन रहा खाका
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गांवों में जिला पंचायत की ओर से 49 सड़कों का निर्माण कराया जाना है। 16 किमी लंबी इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। अगले सप्ताह तक इनका निर्माण चालू हो जाएगा। वहीं 50 किलोमीटर लंबी और सड़कों के बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
गांव से गांव या आबादी को जोड़ने वाले तमाम रास्तों की सूरत बदलने जा रही है। इनकी हालत सुधारने का बीड़ा उठाया है, जिला पंचायत ने। बता दें कि पिछले दिनों ही जिले में 97 निर्माण कार्याें के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। जिनमें दस किलोमीटर लंबी 22 सड़क ऐसी हैं जो कि तारकोल से बनेगी। वहीं अलग अलग जगहों पर 27 सड़क सीसी बनाई जानी है, जिनकी लंबाई छह किलोमीटर होगी। इसके साथ ही छह तालाबों की दीवार भी विकास कार्याें में शामिल है। साथ ही चार किलोमीटर लंबे नाले भी बनाए जाएंगे। इनका निर्माण अगले सप्ताह से ही चालू कर दिगा जाएगा। इन निर्माण कार्याें पर करीब 14 करोड़ रुपया खर्च किया जाना है।
साल 2023-24 के लिए भी बन रही कार्य योजना
फिलहाल पिछले साल की कार्ययोजना के आधार पर 49 सड़कों का निर्माण हाल ही में चालू कर दिया जाएगा। उधर साल 2023-24 के लिए भी कार्य योजना बन रही है। जिला पंचायत ने नई कार्ययोजना में चालीस किलोमीटर लंबी सड़क बनाने का लक्ष्य रखा है। वहीं बीस किलोमीटर लंबे नाले अलग अलग जगहों पर बनाए जाएंगे। साथ ही दस किलोमीटर लंबी सीसी रोड भी बनेगी।
वर्जन:::
फिलहाल 49 सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। सड़कों के अलावा अन्य निर्माण भी शामिल है। साथ ही नई कार्ययोजना भी तैयार हो रही है। ....श्याम बहादुर शर्मा, एएमए जिला पंचायत