- बारिश के चलते कई दिनों से सड़क पर फैला हुआ कीचड़
- कीचड़ में फंसते रहे वाहन, बाइक सवार फिसलकर गिरे
फोटो....
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर राहगीरों की दुश्वारियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। जब से बरसात हो रही है तभी से इस सड़क पर कीचड़ फैला है। इसका कोई समाधान भी नहीं कराया गया। नतीजा ये है कि हर रोज बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं और चार पहिया वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं। जिन्हें क्रेन या ट्रैक्टर से निकलवाना पड़ता है।
पिछले 4 दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर फैले कीचड़ के कारण वाहनों का निकलना दूभर हो गया है। कई स्थानों पर फंसे वाहनों को ट्रैक्टर से निकाला गया। निर्माणाधीन पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर विनायक कॉलेज के निकट भारी कीचड़ फैल गया है। मिट्टी के कारण गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों में लगातार वाहन फंस रहे हैं। बुधवार को कई वाहन फंसे। इसके बाद आसपास से ट्रैक्टर बुलाकर वाहनों को निकलवाया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम महेश्वरी जट में भी स्थिति बेहद खराब है। ग्राम रहमापुर के सामने भी सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। कोतवाली देहात से नगीना मार्ग पर भी भारी कीचड़ फैला हुआ है। ग्रामीणों ने सड़क पर चलने लायक व्यवस्था कराने की मांग की है।