धामपुर। एसपी ने जेसीबी से दुकानों को तोड़ने के मामले में धामपुर कस्बा इंचार्ज दरोगा योगेंद्र सिंह और सिपाही पवन कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।
सीओ धामपुर अभय कुमार पांडे ने बताया कि मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा में काशिब अंसारी और मछली बाजार निवासी हाजी लड्डन पिछले काफी लंबे समय से नाहिद पत्नी स्वर्गीय अकरम की तीन दुकानों पर किराएदार हैं। नाहिद ने कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के चलते इन तीनों दुकानों को एक अन्य दबंग व्यक्ति को बेच दिया। दुकान खरीदने वाले लोग किराएदारों पर दुकानों को खाली करने के लिए दबाव बना रहे थे। दुकान खाली नहीं होने पर शनिवार की रात तीनों दुकानों के जेसीबी से शटर तोड़ दिए गए। हालांकि सादान खान की ओर से इस मामले में पूर्व पालिका सभासद फरीद डान सहित चार लोगों के खिलाफ नाम जद रिपोर्ट दर्ज कराई, आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी दरोगा योगेंद्र कुमार ने इस मामले में पीड़ितों की मदद नहीं की।