- बिजनौर बैराज पर गंगा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
- इंतजामों को बनाए रखने के लिए घाट से हाईवे तक तैनात रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दहशरा मनाया जाता है। गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। दोपहर होने तक गंगा स्नान का सिलसिला चलता रहा। भक्तों ने गंगा बैराज, बालावाली घाट, नांगल और जलालपुर और रामगंगा नदि के घाटों पर स्नान कर गंगा घाट पर दान दिया। तमाम श्रद्धालुओं ने पुरोहितों से पूजा अर्चना कराते हुए मंगल कामना की।
बिजनौर गंगा बैराज पर गंगा दहशरा के चलते सुबह से ही भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। भीड़ के चलते गंगा घाट पर मेले का माहौल रहा। दोपहर बाद तक गंगा स्नान करने का सिलसिला चलता रहा। बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बच्चे भी गंगा स्नान के लिए पहुंचे। स्नान करने के बाद मां गंगा को भक्तों ने प्रसाद, पुष्प और दीप-धूप आदि अर्पित किए। साथ ही सूर्य को अर्घ्य दिया। स्नान करने के बाद घाट पर मौजूद जरुरतमंदों और पंडितों को अपनी अपनी क्षमता के अनुसार दान भी दिया। वहीं, बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए गए।
पंडित नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को ही धरती पर गंगा का अवतरण हुआ था। तभी से हर साल गंगा दशहरा को स्नान-दान की परंपरा चल रही है। राजा भगीरथ की कड़ी तपस्या के बाद ही मां गंगा का धरती पर अवतरण हो सका था।
उधर, व्यवस्थाओं को पुख्ता रखने के लिए एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बिजनौर बैराज का दौरा किया और पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश दिए। थानाध्यक्ष बिजनौर उदयप्रताप दोपहर बाद तक बैराज पर तैनात रहे।
नारनौर गंगा घाट पर उमड़ी भीड़
जलीलपुर/चांदपुर। नारनौर गंगा घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे। पांडवनगर पुलिस चौकी से गंगा पुल तक सड़क क्षतिग्रस्त हैं। क्षतिग्रस्त सड़क पर सफर करना श्रद्धालुओं के लिए कष्टदायक रहा। मेरठ के थाना हस्तिनापुर व बिजनौर के थाना चांदपुर की पुलिस ने व्यवस्था बनाई।