धामपुर में शिव मंदिर में पूजन कर जलाभिषेक करते श्रद्वालु
धामपुर। श्रावण मास के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं ने व्रत रख मंदिरों में पूजन जलाभिषेक किया। भगवान शंकर से घर, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिरों में पूजा करने को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा रही। उधर, शिवभक्तों की ओर से हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर गंतव्य की ओर जाना शुरू कर दिया है।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को नगर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने दूध, घी, दही, शहद और गंगाजल से भगवान भोले नाथ का अभिषेक किया। राजपूत विहार स्थित अनन्त श्री शिवशक्ति पीठ एवं संस्कार शाला में आचार्य डाॅ. दिनेश चंद्र भारद्वाज ने मंत्रोच्चारण से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। शाम को सामूहिक आरती की गई। नगीना मार्ग स्थित कालिया वाला मंदिर, क्षत्रिय नगर स्थित शिव मंदिर, मोहल्ला साहूवान स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजन किया और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर राष्ट्र की तरक्की और सुख समृद्धि की कामना की। शेरकोट, हरेवली के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही।