विकास विभाग कराएगा गांवों में पानी की जांच
धामपुर। विकास विभाग राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं से गांवों में पानी जांच कराएगा। यह कार्य एक सप्ताह पहले शुरू हो गया है। अब तक 12 गांवों में परीक्षण किया जा चुका है। 760 महिलाओं की ओर से 132 गांवों में पानी की जांच की जानी है। इन महिलाओं को पानी का परीक्षण करने के लिए जांच किट दी गई है।
ब्लॉक प्रमुख क्षमा हेमलता चौहान ने बताया कि विकास क्षेत्र में 97 ग्राम सभाओं में 132 गांव शामिल हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के आदेशानुसार ग्रामीणों को प्रदूषण मुक्त पानी उपलब्ध कराने के लिए विकास विभाग की ओर से मुहिम शुरू कर दी गई है। इस कार्य में आजीविका मिशन की महिलाओं को लगाया गया है। पहले सभी को प्रशिक्षित किया गया है। एक-एक गांव में कम से कम पांच-पांच महिलाओं को लगाया गया है। 760 महिलाएं जांच में लगी हैं। 132 गांवों में से करीब 40 ऐसे गांव हैं, जिनका पानी धामपुर चीनी मिल के प्रदूषित पानी से प्रभावित हो रहा है। इन गांवों के लोग प्रदूषण युक्त पानी पीने के लिए मजबूर हैं। कई बार शिकायतें की गई, लेकिन अभी तक सुधार नहीं हुआ है। विकास विभाग की ओर से इन सभी गांवों में 18 अगस्त से विशेष अभियान चलेगा।