नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि का मांगा ब्योरा
बिजनौर। बिजनौर से बसपा सांसद मलूक नागर ने 17वीं लोकसभा के 9वें सत्र के दौरान नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि का ब्योरा मांगा।
सांसद ने भारत सरकार से परंपरागत ऊर्जा स्रोतों के विपरीत पर्यावरणीय और नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ाने के लिए अक्षय ऊर्जा के उत्पादन में वृद्धि की दर से संबंधित जवाब नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री से मांगा था। जिनका जवाब 21 जुलाई को प्राप्त हुआ। सांसद के अनुसार सरकार ने बताया है कि देश में अक्षय ऊर्जा का उत्पादन बढ़ाने के लिए चलाई जा रही प्रमुख अक्षय ऊर्जा योजनाओं की जानकारी दी। देश में अक्षय ऊर्जा स्रोतों से बिजली उत्पादन वर्ष 2017-18 के 227.96 बिलियन यूनिट (बीयू) से बढ़कर वर्ष 2021-22 में 322.53 बीयू हो गया है। 2022 तक 175 गीगावाट अक्षय ऊर्जा (बड़ी पन बिजली को छोड़कर) की स्थापित क्षमता हासिल करने के लक्ष्य की तुलना में कुल 114.07 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता की स्थापना की गई है। इसके अलावा 60.66 गीगावाट क्षमता कार्यान्वयन के विभिन्न चरणों में है।