नजीबाबाद के जोगीरम्पुरी दरगाह परिसर का निरीक्षण करते डीएम और एसपी। संवाद
- फोटो : दीक्षा
नजीबाबाद। डीएम जसजीत कौर ने जोगीरम्पुरी दरगाह पर मजलिस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को तत्काल समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम जसजीत कौर ने एसपी अभिषेक झा के साथ जोगीरम्पुरी दरगाह परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने दरगाह के प्रशासक गुलरेज हैदर रिजवी से 22 मई से शुरू हो रही चार रोजा सालाना मजलिसों की तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासक की ओर से दरगाह परिसर में अस्थायी एटीएम बूथ स्थापित करने, मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। डीएम ने चिकित्सा, स्वास्थ्य, वन, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को जल्द पूरा करने के लिए निर्देश दिए। एसपी अभिषेक झा ने डीएम के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने एसपी देहात विनय कुमार सिंह, सीओ नगीना अंजनि कुमार को सुरक्षा दायित्वों के संबंध में निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने दरगाह परिसर में भ्रमण के दौरान चादर चढ़ाई। मजलिस आयोजन की समीक्षा के दौरान एडीएम विनय कुमार, एसडीएम विजय शंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।