- डेंगू की जांच के नाम पर मरीजों से वसूल रहे कई गुना पैसा
- डेंगू का जांच कार्ड 250 रुपये, मरीजों से ले रहे 1400 रुपये तक
- डेंगू की एंटीजन और एलाइजा जांच के 900 रुपये से कम नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। एक तो डेंगू शरीर पर वार कर शारीरिक रूप से कमजोर कर रहा है, वहीं पैथोलॉजी लैब इसकी जांच के नाम पर जेब खाली कर रहे हैं। मरीज शारीरिक और आर्थिक दोनों रूप से परेशान है। जिले में धड़ल्ले से पैथोलॉजी लैब संचालक जांच किट के दाम से कई गुना तक वसूल रहे हैं।
डेंगू की एंटीजन जांच के लिए अच्छी कंपनी के एक कार्ड की कीमत 250 रुपये तक होती है। लैब संचालक उस जांच के लिए 900 रुपये से 1400 रुपये तक ले रहे हैं। जैसा जिसका हिसाब है, मरीजों से पैसे लेकर जांच कर रहे हैं।
एलाइजा टेस्ट के लिए अलग किट आती है। इस किट से 96 मरीजों का एलाइजा टेस्ट हो सकता है। पूरी किट की कीमत करीब 27 हजार रुपये तक है। इसके चलते एक एलाइजा टेस्ट की कीमत 281.25 रुपये के आसपास होती है। मगर, लैब संचालक एक जांच के लिए 1400 रुपये ले रहे हैं।
कार्ड के दाम से छह गुना अधिक पैसा वसूल रहे लैब संचालक
निजी लैब संचालक कार्ड की कीमत से छह गुना अधिक पैसा वसूल रहे हैं। लैब संचालक डेंगू की जांच के उतने ही पैसे ले सकते हैं, जितना कार्ड का दाम होता है। अलग-अलग कंपनी के कार्ड होने पर दाम थोड़ा ज्यादा या कम हो सकता है।
पैथोलॉजी लैब के हिसाब से डेंगू की जांच के दाम
पैथोलॉजी लैब का नाम डेंगू की जांच के दाम
पैथकाइंड लैब्स 1100 (एलाइजा)
लाल पैथोलॉजी लैब 1400 (एलाइजा)
चरक पैथॉलॉजी लैब 900 (एंटीजन)
केके मेमोरियल डायग्नोस्टिक लैबोरेट्रीज 900 (एंटीजन)
पैथोलॉजी लैब संचालक डेंगू की जांच के सिर्फ उतने ही पैसे ले सकते हैं, जितनी कार्ड की कीमत होगी। अगर कोई पैथोलॉजी लैब संचालक कीमत से ज्यादा पैसे ले रहे हैं तो वह गलत है। अधिक पैसा लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. विजय कुमार गोयल, सीएमओ