जिले को सूखाग्रस्त घोषित कराने के लिए दिया धरना
बिजनौर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, बिजली, जनपद को सूखा घोषित करने की मांग को लेकर किसानों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और धरना देकर बैठ गए। धरने पर हुई पंचायत में किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई उनके समाधान की मांग उठाई। बिलाई मिल द्वारा दस करोड़ रुपये भुगतान का चेक देने व अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।
राष्ट्रीय किसान यूनियन के बैनर तले अनेक किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार और पैदल नारेबाजी करते हुए बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे, वहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर धरना दिया। धरना सभा पर हुई पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह तोमर ने कहा कि अगला सीजन आरंभ होने को है, लेकिन चीनी मिलों ने बकाया भुगतान नहीं किया। बिलाई, चांदपुर, बिजनौर मिल ने बकाया भुगतान अदा नहीं किया। नलकूपों पर मीटर नहीं लगने की मांग की तथा बिजनौर जनपद को सूखा घोषित करने की मांग।
जिलाध्यक्ष राजेश कुमार प्रधान ने कहा कि किसानों की आवाज को उठाकर उन्हें उनका हक दिलाया जाएगा। अफसरों व चीनी मिलों की मनमानी नहीं होने दी जाएगी। अन्य वक्ताओं ने भी किसानों की समस्याओं को उठाया और उनके निदान की मांग की। बाद में संगठन की ओर से एक ज्ञापन एडीएम को सौंपा गया। साथ ही अधिकारियों ने किसानों को बिलाई चीनी मिल से बकाये भुगतान में से दस करोड़ रुपये का चेक दिलाने व अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक भूदेव प्रधान, यशपाल सिंह राठी, अनीश अहमद, रोहिताश सिंह, ललित चौधरी, अशोक राजपूत, सुरेंद्र कुमार, नरेश कुमार, राजेंद्र धारीवाल, विनित चिकारा, दीपक आदि उपस्थित रहे।