बकाया गन्ना भुगतान के लिए किया प्रदर्शन
नजीबाबाद। गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। भाकियू जनशक्ति के कार्यकर्ताओं और किसानों ने इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
भाकियू जनशक्ति के जिलाध्यक्ष डॉ. नरपाल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि नजीबाबाद चीनी मिल किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान करने में सबसे पिछड़ी हुई है। गन्ना भुगतान नहीं होने से किसानों को आर्थिक संकटों से होकर गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब किसानों को ब्याज सहित गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग की। किसानों ने केंद्र सरकार के नाम बिजली बकाएदार किसानों का उत्पीड़न बंद करने, किसानों का बैंक कर्ज माफ करने, किसान सम्मान निधि योजना की धनराशि बढ़ाने, नजीबाबाद चीनी मिल की क्षमता बढ़ाने आदि मांगों का ज्ञापन तहसीलदार प्रीति पाल को सौंपा। प्रदर्शन में कुलदीप सिंह, नीरज सिंह, नसीम, गुलशन, मो. देवमल, सईद, तौफिक, शौकीन, असलम, गुलफाम, महताब, महेश, असलम आदि मौजूद रहे।