प्रदेश सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
धामपुर। अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ एसडीएम और तहसीलदार कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
सभा के कार्यकर्ता नगर में नगीना चौक से प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम कार्यालय के बाहर पहले से वकील अपने समस्याओं का निदान कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। प्रदर्शनकारियों ने वकीलों के आंदोलन को समर्थन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी तहसील में पहुंचे। वहां पर प्रदर्शन करने के बाद तहसीलदार चंद्रकांता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने शेरकोट कोपा मार्ग का जल्द निर्माण कराने, बाढ़ में हुए नुकसान की भरपाई कराने, खो नदी के टूटे तटबंधों का निर्माण कराने की मांग की। बताया गया कि बाढ़ आने के बाद कई गांवों की खेतीबाड़ी की जमीन भी नदी में समाने से सैकड़ों परिवार सड़कों पर आ गए हैं। शोर मचाने के बाद भी कोई नहीं सुन रहा। प्रदर्शनकारियों में जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन, जिला सचिव वीरेंद्र सैनी, सुभाष चंद चौहान, यादराम, दयाराम सिंह, रामपाल सिंह, जसवंत सिंह, हरि सिंह, लेखराज सिंह, किशनपाल, जयपाल सिंह, धर्मपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह रहे।