नांगलसोती के गौसपुर में कृषि भूमि का कटान करती गंगा नदी।
- फोटो : NAZIBABAD
गौसपुर और रामपुर चाठा में कृषि भूमि का कटान शुरू
नांगलसोती/नजीबाबाद। गांव गौसपुर में गंगा नदी और रामपुर चाठा कोटावाली नदी किसानों की कृषि भूमि का कटान कर रही है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से दोनों गांव पर फिर से कटान का खतरा मंडारने लगा है।
पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने से रविवार को गांव गौसपुर में गंगा नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने से कटान क्षेत्र में बने अस्थायी तटबंध और उसकी बल्लियां भी डूब गईं। वहीं कृषि भूमि का कटान होता देख किसान चिंतित हैं। किसान भूपेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान राजेश सिंह, नरेश कुमार, पीतम सिंह, सत्यपाल सिंह, हरपाल सिंह का कहना है कि गंगा नदी से गौसपुर के कटान क्षेत्र में कई मिट्टी के टीलों में दरारें आ गईं हैं। यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो गांव की ओर भी कटान होना निश्चित है। ग्रामीणों ने शासन से कटान क्षेत्र में जल्द पक्के तटबंध बनाने में मांग की है।
उधर, गांव रामपुर चाठा में कोटावाली नदी किसानों की कृषि भूमि का कटान कर रही है। ग्रामीण शशिनाथ, रुपराम, शाहीद, अयूब का कहना है कि जलस्तर बढ़ने पर कोटावाली नदी गांव की ओर कटान करती है। रविवार को भी कोटावाली नदी ने गांव की ओर कटान किया। कटान रोकने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा बनाए गए अस्थायी तटबंध भी नदी के तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से कटान को रोकने की मांग की है।