बिजनौर। किसानों ने प्रस्तावित ग्रीन फील्ड गंगा एक्सप्रेस-वे अमरोहा से हरिद्वार (बिजनौर होते हुए) तक बनने वाले अलाइनमेंट बदलने की मांग की है। ज्ञापन में वर्तमान प्रस्तावित रूट के बजाय बिजनौर की पौराणिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को जोड़ते हुए नया अलाइनमेंट निर्धारित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा कि इस हाईवे से वर्तमान में बिजनौर शहर के आसपास स्थित मेरठ मार्ग, नंगली, पेदा, कच्छपुरा, नया गांव, गांगोली, गजरौला शिव समेत कई गांवों की प्रथम श्रेणी की उपजाऊ कृषि भूमि प्रभावित होगी। इससे हजारों किसान प्रभावित होने के साथ कृषि उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। क्षेत्रवासियों ने उक्त एक्सप्रेस-वे का मार्ग बिजनौर की ऐतिहासिक धरोहरों महात्मा विदुर कुटी, महर्षि कण्व आश्रम आदि को जोड़ते हुए बनाया जाए। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। ज्ञापन देने वालों में राजेंद्र सिंह, विवेक गुप्ता, नकुल सिंह, भोले सिंह, मुन्नू सिंह, ब्रजपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।