नजीबाबाद की गन्ना समिति में पंचायत करते किसान।
- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद। किसानों ने गन्ना समिति में बैठक आयोजित कर किसानों का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान करने की मांग की।
गन्ना समिति कार्यालय पर आयोजित भाकियू की बैठक किसान नेता रुपचंद की अध्यक्षता में हुई। रुपचंद का कहना है कि नजीबाबाद सहकारी चीनी मिल का संचालन 11 नवंबर से शुरू हो रहा है, लेकिन अभी तक बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को नहीं किया गया। भुगतान न होने से किसानों को आर्थिक संकटों से गुजरना पड़ रहा है। किसानों ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए प्रदेश सरकार से गन्ना का दाम 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, किसानों को जल्द बकाया गन्ना मूल्य भुगतान ब्याज सहित दिलाने, खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कराने, किसानों को मुफ्त बिजली देने, किसानों के खेतों से गुजरने वाली जर्जर विद्युत लाइन की मरम्मत कराने की मांग की गई।
बैठक में राष्ट्रीय प्रचार मंत्री होशियार सिंह, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष दिनेश, संजीव कुमार, हुकुम सिंह, रोहित, अजीत, वीरेश राणा, बंटी, अमित राठी, शोकीन, ईदरीश आदि कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।