बिजनौर। विवेक कॉलेज में चल रही ओपन अंतरराष्ट्रीय फीडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे दिन कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में तीन राउंड पूरे हो चुके हैं। तीनों राउंड जीतकर 16 खिलाड़ी प्रतियोगिता में आगे चल रहे हैं।
प्रतियोगिता में तीन फेडरेशन और तीन देशों सहित राज्यों से करीब 198 खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में प्रतिभाग किया। जिसमें से करीब 100 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त हैं। दिल्ली के गर्थ पांडे ने उच्च रेटिंग वाले अंतरराष्ट्रीय मास्टर वजीर अहमद और फीडे मास्टर जायदीप दत्ता को ड्रॉ पर रोका। नीलेश साहा ने पहले राउंड उत्तर प्रदेश के श्रेयांश, दूसरे राउंड में दिल्ली के हृदय गर्ग, तीसरे राउंड में उत्तराखंड के मोहन नैथानी को पराजित किया।
वहीं ग्रांड मास्टर आरआर लक्षमण ने पहले राउंड में अरुण सक्सैना, दूसरे राउंड में कपिल कुमार खरे, तीसरे राउंड में श्रुश्रुता रेड्डी को हराया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मास्टर साई अग्नी जीवितेश ने पहले राउंड में व्योम बंसल, दूसरे राउंड में सुरेंद्र अरोड़ा, तीसरे राउंड में विनायक सिंह को मात दी। शतरंज प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण डीजीटी के माध्यम से शीर्ष बोर्ड पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाया जा रहा है। दुनिया भर की प्रसिद्ध शतरंज वेबसाइट चेसबेस, चेस कॉम, लीचेस और फॉलो चेस पर यह मुकाबले देखे जा रहे हैं।