- मकानों में पानी भरने के कारण पीड़ित छतों पर तंबू बनाकर रह रहे हैं
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
जलीलपुर/चांदपुर। जलीलपुर क्षेत्र में गंगा के निकटवर्ती 10 गांव तीन दिन से टापू बने हुए हैं, वहीं 13 गांव की आबादी तक पानी पहुंच गया है। पानी से घिरे गांवों वासियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मकानों में पानी भरने के कारण पीड़ित छतों पर तंबू बनाकर रह रहे हैं।
जलीलपुर क्षेत्र में एक माह से अधिक समय से बाढ़ के हालात हैं। पानी उतरने के बाद फिर से बार बार आबादी में घुस रहा है। रविवार की देर शाम से आबादी में घुसा पानी अभी भी रुका है। हालांकि घटते जलस्तर के कारण जलीलपुर दत्तियाना व जलीलपुर सलेमपुर मार्ग पर पानी कुछ कम हुआ है। मगर इतना कम नहीं है जो वाहन चल सके। गांव सलेमपुर-विजयनगर, कल्याण, मीरापुर सीकरी, रायपुर खादर, जलालपुर खादर, नारनौर, जमालुदीनपुर, दत्तियाना, मुजफ्फरपुर खादर, स्याली, सुजातपुर खादर, कुमरिया, हुसैनपुर खासा आदि 13 गांव की आबादी में पानी घुसा है। घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।
मकानों में पानी भरने के कारण ग्रामीण छतों पर तंबु बनाकर रह रहे हैं। गांव मीरापुर सीकरी, कल्याण, सलेमपुर-विजयनगर, रायपुर खादर, जलालपुर खादर, दत्तियाना, स्याली, मुजफ्फरपुर खादर, सुजातपुर खादर, कुमरिया आदि 10 गांव के चारों ओर पानी ही पानी है। चारों ओर पानी होने से गांव के हालात टापू जैसे हो गए हैं। इन गांव की सभी संपर्क व मुख्य सड़कों पर दो से चार फीट तक पानी चल रहा है।