लापता युवक का शव नहर से मिला
जलालाबाद/नजीबाबाद। पूर्वी गंग नहर में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नजीबाबाद के मुनीरगंज निवासी मो. अकरम के रूप में हुई है। जलालाबाद के गजरौला पाईमार क्षेत्र में पुलिस को पूर्वी गंग नहर में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। जलालाबाद चौकी प्रभारी दिनेश शर्मा ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार शव की पहचान 29 वर्षीय मोहल्ला मुनीरगंज निवासी मो. अकरम के रूप में हुई है। अकरम आठ जुलाई से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 12 जुलाई को दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।