अमानगढ़ में मिला हाथी के बच्चे का शव
बिजनौर। अमानगढ़ वन रेंज में हाथी के बच्चे का शव पड़ा मिला। वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे गड्ढे में दबवा दिया। प्रथम दृष्टया सिर में अंदरूनी चोट लगने की वजह से मौत होना माना जा रहा है। हालांकि डॉक्टरों की टीम ने जांच के लिए बिसरा आईवीआरआई बरेली भेज दिया है।
शुक्रवार शाम गश्त के दौरान एक शिशु नर हाथी (उम्र करीब एक माह) का शव अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के कोठीरो बीट के कंपार्टमेंट संख्या एक (अ ) से बरामद हुआ। शिशु हाथी के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। प्रथम दृष्ट्या हाथी की मौत सिर पर चोट लगने से आंतरिक रूप से अत्यधिक रक्त स्राव के होने की वजह मानी जा रही है। हालांकि मौत की वजह को और भी ज्यादा स्पष्ट करने के लिए विसरा सुरक्षित करते हुए आईवीआरआई बरेली भेज दिया गया है। मृत शिशु हाथी के शव के पोस्टमॉर्टम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। संवाद