बिजनौर में जिला महिला अस्पला में बेटियों को जन्म देने वाली माताओं को सम्मानित करते डीएम उमेश मि
- 34 नवजात बच्चियों और उनकी माताओं को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिला महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने नवजात बच्चियों और उनकी माताओं को बधाई दी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने 34 नवजात बच्चियों और उनकी माताओं को सामान और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी तरह से बेटे से कम नहीं हैं। बेटियां अपनी प्रतिभाओं से परिवार का नाम रोशन कर रही हैं।
सोमवार को जिला महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि आप धन्य हैं कि आपके परिवार में बेटी का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी एक समान, बेटी बोझ नहीं है, बेटी ही परिवार चलाती है। बेटी के बिना परिवार की कल्पना करना सम्भव नहीं है। बेटी दो कुलों को जोड़ती है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एक महत्वाकांक्षी योजना है, जो बच्चियों के भविष्य सुधारने में सहायक है। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती मरीजों से पूछा कि उन्हें कोई परेशानी तो नहीं है। जिस पर मरीजों ने कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है। वहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से संचालित योजना के तहत बालिका के जन्म से लेकर स्नातक करने तक लाभ दिया जा रहा है। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला अस्पताल डॉ. प्रभा सिंह आदि मौजूद रहे।