- आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष ने कहा - सभी सरकारों में दलितों का हुआ उत्पीड़न
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
स्योहारा (बिजनौर)। ग्राम मकसूदपुर में आयोजित एक विशाल भंडारे में शामिल होने पहुंचे भीम आर्मी के संस्थापक व आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सत्ता में आना है तो सभी दलितों को एकजुट होना होगा साथ ही बाबा साहब के सपनों को पूरा करने के लिए समाज को शिक्षित करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सहित अन्य सरकारों में दलितों का उत्पीड़न हुआ है। दलितों को उनके हक़ से वंचित किया गया है।
रविवार को क्षेत्र के ग्राम मक़सूदपुर में आयोजित दलित समाज के सत्संग के बाद आयोजित विशाल भंडारे में पहुंचे चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आज तक दलितों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कर सत्ता सुख भोगने वाली सभी पार्टियों ने दलितों का शोषण किया है। इसका मुख्य कारण दलित समाज में कोई नेतृत्व करने वाला न होना है। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाना है तो उनको शिक्षित बनाओ। चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा को सुरक्षा, कानून व विकास आदि हर मोर्चे पर विफल करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज व भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। बहन बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं है। उनके साथ अत्याचार किया जा रहा है।
अधिकारी से लेकर नेता तक सभी लूट खसोट में लगे हुए हैं। भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति कर देश को बांटने का काम कर रही है। देश की जनता इस बार अपने वोट की चोट से भाजपा को करारा जबाब देकर सत्ता से बेदखल करने का काम करेगी। उन्होंने दलित समाज से संगठित होने की अपील करते हुए भीम आर्मी को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आयोजक सागर दास महाराज, घनश्याम दास महाराज सहित जिला पंचायत सदस्य आलोक भारती, प्रशांत सागर, एड. नईम मलिक आजाद, ओमपाल बालियान, रोहित सागर, निशांत सागर, निसार अहमद, पुष्पराज सिंह, चंद्रपाल सिंह, हरपाल सिंह फतेह सिंह आदि मौजूद रहे।