किरतपुर। गांव किथौड़ा मुफ्ती में एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। युवक का शव नहर में मिला। उसके गले पर कमरबंद बंधा हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दूसरी ओर, गांव में इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चाएं भी हैं।
गांव किथौड़ा मुफ्ती निवासी मेहराज का पुत्र आलिम (18) बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे घर से बाहर गया था। परिजनों के अनुसार आलिम ने साढ़े सात बजे खाना खाया और किसी का फोन आने पर वह घर से गया था।
इसके बाद काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। लेकिन आलिम का कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण खेत पर जा रहे तो गांव के पास ही नहर पर युवक का शव चादर से ढका हुआ मिला। ग्रामीणों ने जब चादर हटाकर देखी को उन्होंने आलिम के घर उसकी मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही आलिम के घर कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार आलिम के गले में कमरबंद बंधा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।