बिजनौर में अम्हेड़ा चौराहे पर पांच लाख की सुपारी देकर ओमराज की हत्या कराने वाले मुजफ्फरनगर जेल में बंद दुष्यंत की पत्नी ने सोमवार को एसपी कार्यालय पर पहुंचकर अपने को निर्दोष बताकर आत्महत्या करने का ड्रामा किया।
पुलिस ने दुष्यंत की पत्नी व उसके एक रिश्तेदार को दबोच लिया है।
हीमपुर थाना क्षेत्र के गांव खैरपुर निवासी ओमराज की हत्या उसके गांव के ही दुष्यंत ने इनामी बदमाश आदित्य व उसके साथी रोहित को पांच लाख की सुपारी देकर कराई थी। मुजफ्फरनगर जेल में बंद गबन के आरोपी दुष्यंत की पत्नी उपासना की भी इस हत्या में संलिप्तता उजागर हुई थी। पुलिस हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तलाश में जुटी है। सोमवार को दुष्यंत की पत्नी उपासना अपने एक रिश्तेदार योगेंद्र के साथ एसपी कार्यालय के बाहर खुदकुशी का ड्रामा करने पहुंच गई। एसपी प्रभाकर चौधरी को इसका पता चल गया।
उन्होंने पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया और शहर कोतवाली ले आए। पुलिस को उपासना की ओमराज हत्या व गबन के मामले में पहले ही तलाश थी। शहर कोतवाली पुलिस ने उपासना व उसके रिश्तेदार को हल्दौर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों के पास से तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला है। हल्दौर पुलिस ने ओमराज हत्या व गबन के मामले में उपासना का चालान कर दिया है। योगेंद्र पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सर्विलांस के जरिये पकड़ में आई महिला
उपासना की घेराबंदी पुलिस ने सर्विलांस के जरिये की है। पुलिस को सर्विलांस के माध्यम से पता चल गया था कि उपासना खुदकुशी करने के इरादे से बिजनौर आ रही है। पुलिस ने मोबाइल पर इस संबंध में उपासना की सारी बातें सुन ली थी। पुलिस ने सवेरे से ही उपासना की घेराबंदी कर ली थी। पुलिस ने उपासना को खुदकुशी का ड्रामा करने का कोई मौका नहीं दिया। उपासना के एसपी कार्यालय के बाहर पहुंचते ही उसे दबोच लिया।
मामूली विवाद में भाई पर किया जानलेवा हमला
हल्दौर। गांव शादीपुर कलां निवासी किसान जसवंत सिंह, भागेश, उसके भाई जागेश का चक नहर के पास स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार नहर के पानी से सिंचाई करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई दिन पूर्व कहासुनी हो गई थी। सोमवार की दोपहर करीब बारह बजे दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस विवाद में जसवंत सिंह बुरी तरह घायल हो गया।