हल्दौर के ग्राम नसीरपुर में मां की मौत के मामले का आरोपी पुत्र।
- फोटो : अमर उजाला
हल्दौर में गांव नसीरपुर में मां और बेटे के बीच विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर की छीनाझपटी में गोली चलने से मां को गोली लगने से मौत हो गई। इस मामले में बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी युवक को दबोच लिया। आरोपी युवक हिंदू युवा वाहिनी का ब्लॉक अध्यक्ष है।
क्षेत्र के गांव नसीरपुर निवासी नरेश कुमार चौधरी सहकारी गन्ना विकास समिति के पूर्व चेयरमैन हैं। उनके दो पुत्रों में बड़ा बेटा विवेक कुमार हिंदू युवा वाहिनी का हल्दौर ब्लॉक अध्यक्ष है। 12 दिन पूर्व विवेक कुमार की शादी हुई थी। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे घर पर विवेक कुमार का अपनी 48 साल की मां सुमन देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। ग्रामवासियों के अनुसार सुमन देवी अपने कमरे से लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल लाई और पुत्र के सामने आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। इस दौरान घर पर नरेश कुमार व छोटा बेटा आकाश मौजूद नहीं था। विवेक ने अपनी मां से रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया। छीनाझपटी में रिवाल्वर से दो गोली चली।
एक गोली सुमन देवी के दाहिने हाथ की उंगली में व दूसरी गोली सीने में लग गई। गोली लगने से सुमन देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उस दौरान छोटा बेटा आकाश भी घर आ गया। सुमन देवी ने उपचार के लिए बिजनौर आते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। शव को परिजन घर ले आए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आकाश ने बडे भाई विवेक कुमार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर को बरामद करके विवेक को पकड़ दिया लिया है।