बिजनौर में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज नहीं देने पर उसे जहरीला पदार्थ देकर मार डालने का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों ने पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मृतका की सास को दबोच लिया है।
नजीबाबाद के गांव रामपुर मंगल की सोनिया की शादी चार साल पहले कोतवाली शहर के गांव स्वाहेड़ी निवासी सचिन से हुई थी। सोनिया के भाई सुनील कुमार का आरोप है कि ससुराल वाले बहन से मायके से दो लाख रुपये लाने को कहते थे। रुपये नहीं लाने पर सोनिया को मारते-पीटते और उसे प्रताड़ित करते थे। यह बात सोनिया ने क ई बार मायके वालों को बताई थी। सोनिया रक्षाबंधन पर अपने मायके आई थी। उसने ससुराल वालों के उत्पीड़न की सारी बात मायके वालों को बताई थी। शानिवार को सोनिया मायके से अपने ससुराल पहुंची। आरोप है कि ससुराल वालों ने मालूम किया कि दो लाख रुपये मायके से लाई है कि नहीं। आरोप है कि सोनिया के रुपये लाने से इंकार करने पर ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मार डाला। मृतका के पिता नंदराम ने सोनिया के पति सचिन , ससुर विजय , देवर गौरव व सास सरोज के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सास सरोज को दबोच लिया है।
जहर खाया
कोतवाली शहर के मोहल्ला मिर्दगान में शनिवार की रात दानिस की पत्नी गुलिस्ता ने संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत सामान्य होने पर चिकित्सकों ने उसको छूट्टी दे दी।