बिजनौर के चांदपुर में मोहल्ला शाह चंदन में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला शाहचंदन निवासी अकरम कपड़े का फड़ लगाने का काम करता है। शुक्रवार को उसकी पत्नी आसमां की संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई। मौत की खबर से मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
आसमां के चचेरे भाई इफ्तखार अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी तहेरी बहन आसमां की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व जनपद हापुड़ के थाना सिम्भावली के बक्सर निवासी अकरम के साथ हुई थी। पुत्र नूर मोहम्मद के साथ दंपति ताया के मकान में रह रहे थे।
कई दिनों से अकरम का व्यवहार अपनी पत्नी के प्रति ठीक नहीं चल रहा था। शुक्रवार को भांजे नूर मोहम्मद ने उनके घर आकर बताया कि उसकी मां को पिता ने मार दिया है। सूचना पर वे घर पहुंचे तो आसमां का शव बेड पर पड़ा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इस संबंध में कोतवाली निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका बीमार चल रही थी। दवाई के लिए पैसे नही थे। बच्चे की पढ़ाई भी छूट गई है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।