फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईख के खेत में मिली युवक की लाश

Fri, 02 Sep 2016 11:48 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
विज्ञापन
बढ़ापुर में ग्राम टांडा साहूवाला के समीप खेत की रखवाली कर रहे गांव के एक युवक की पास के ही खेत में क्षतविक्षत अवस्था में लाश मिली है। उसका एक हाथ व सिर का आधा भाग नहीं था। ग्रामीण और पुलिस किसी बड़े जानवर द्वारा खाये जाने की बात मान रही है, वहीं वन विभाग युवक के मरने के बाद छोटे जानवरों द्वारा खाने का शक जता रहा है।  
विज्ञापन

बढ़ापुर के ग्राम टांडा साहूवाला निवासी प्रीतम सिंह (35)पुत्र फत्तू सिंह गांव से करीब आधा किमी दूर पूरब दिशा स्थित गांव के वीरेंद्र पुत्र रामप्रकाश की उड़द फसल की रखवाली की नौकरी करता था। प्रीतम परसों अपने घर से दोपहर का खाना खाकर खेत की रखवाली पर चला गया और वापस नहीं लौटा। प्रीतम के परिवार में उसकी मां रूढ़ी देवी (70 वर्ष) व उसका बड़ा भाई दर्शन सिंह रहते हैं, उन्होंने यह जानकर प्रीतम की तलाश नहीं की कि वह खेत मालिक के घर खाना खा रहा होगा। बताया जाता है कि खेत मालिक वीरेंद्र दो दिन पूर्व किसी कार्य से हरिद्वार गया था और बृहस्पतिवार शाम गांव लौटा था। शुक्रवार की सुबह वीरेंद्र अपने खेत पर गया तो वहां फसल रखवाली के लिए बने मचान में प्रीतम का टार्च आदि सामान तो मिला, लेकिन प्रीतम का कहीं अता-पता नहीं चला। मचान से करीब तीन मीटर दूर मिले खून के छींटे और खेत में घसीटने के निशान के सहारे वह मचान से लगभग 20 मीटर दूर गन्ने के खेत में पहुंचा जहां उसे प्रीतम की लाश पड़ी मिली। वीरेंद्र का शोर सुनकर जंगल में कई लोग वहां पहुंचे। लाश में से आ रही दुर्गंध से ऐसा लग रहा था जैसे लाश दो दिन पुरानी हो। शरीर का बायां हाथ और खोपड़ी का आधा भाग किसी जानवर द्वारा खाया लग रहा था। गांव के लोग युवक के बड़े जानवर द्वारा मारे जाने की आशंका जता रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार गौतम ने मौका मुआयना कर शव अंत: परीक्षण के लिए भेजा। वन विभाग की साहूवाला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी इरफान अली ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार गौतम का कहना है घटनास्थल को देखकर इसका अंदाजा होता है कि युवक को किसी जंगली जानवर ने ही अपना शिकार बनाया है, जबकि वन क्षेत्राधिकारी इरफान अली का कहना है कि उसको टाइगर या गुलदार द्वारा नहीं मारा गया है। टाइगर इंसान को मारकर सबसे पहले उसका पेट, जांघ व कमर का भाग खाता है। उधर सूचना पर मौके का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे डीएफओ नजीबाबाद प्रवीण कुमार राघव कहना है कि वन विभाग की टीम को काफी तलाशने के बाद भी वहां किसी बड़े जानवर के पदचिह्न नहीं मिले हैं। लाश दो दिन पुरानी है। 
उन्होंने युवक के मरने के बाद किसी छोटे जानवर जैसे सियार, गीदड़ व लोमड़ी आदि के मृतक के शरीर का कुछ भाग खा लेने का अंदेशा जताया है। उनका कहना है मौत के सही तथ्यों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें