बिजनौर के स्योहारा में मोबाइल की कॉल से युवती के प्यार में पागल मेरठ का एक युवक प्रेमिका से मिलने स्योहारा पहुंच गया। प्रेमिका के न मिलने पर उसने ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। युवक ने खून से सड़क पर अपना व प्रेमिका का नाम भी लिख दिया। प्रेमिका कौन है यह पता नहीं चला है। युवक को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
एक प्रेम दीवाना अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए गजरौला से बस में सवार होकर मुरादाबाद पहुंचा। वहां से ट्रेन से मंगलवार की रात स्योहारा आया। युवक के पास मोबाइल के अलावा दो ब्लेड व 1700 रुपये थे। युवक नगर के मोहल्ला कस्बा पुराना गांघी आश्रम के पार एक संकरी गली में खून से अपना व प्रेमिका का नाम लिखकर मूर्छित हो गया। सुबह करीब साढ़े चार बजे किसी राहगीर की नजर युवक पर पड़ी तो उसने मोहल्ले वालों को जगाया। मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने देखा कि लड़का बेहोशी हालत में सड़क पर पड़ा हुआ है। लोगों ने फोन से पुलिस को सूचना दी । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की पहचान मेरठ निवासी अनुज त्यागी के रूप में हुई। युवक बेसुध होकर हर बात का जवाब सिर्फ हिना नाम से दे रहा है कुछ सवालों का जवाब उसने लिख कर दिए । युवक के बताया की 70 दिन पहले उसकी एक अजनबी कॉल से लड़की से पहली बार बात हुई थी जो दोस्ती व फिर प्यार में बदल गई। दोनों ने फोन पर ही जीने मरने की कसम खा ली। साथ ही अनुज ने बताया की उसने लड़की की खातिर अपना धर्म भी बदलते हुए अपना नाम अनुज से अनस रख लिया। मंगलवार की रात अपनी प्रेमिका से मिलने स्योहारा आया पर किसी वजह से उससे मिल नहीं पाया। इससे क्षुब्ध होकर उसने हाथ की नस काट डाली। युवक हर बात का जवाब प्रेमिका का नाम लेकर दे रहा था। युवक को बिजनौर रेफर करके उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।