हल्दौर में छात्रा से छेड़छाड़ करने के मामले का समझौता कराने को गांव में हुई पंचायत में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले व पथराव हुआ। झगड़े में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों का पकड़ लिया है।
क्षेत्र में चार दिन पूर्व कॉलेज जाते समय एक छात्रा के साथ गांव के ही चार युवकों ने छेड़छाड़ की थी। इस मामले में शनिवार की रात गांव में ही एक पंचायत बुलाई गई। पंचायत में दोनों पक्ष में किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर विवाद हो गया। पंचायत में ही दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। गांव पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। झगड़े में छात्रा पक्ष से बबली, राधा, प्राची, राजकुमार, अमित कुमार घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में छात्रा पक्ष की ओर से रवींद्र कुमार, मुन्नू त्यागी, राहुल कुमार व मुकेश कुमार व पांच अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने रवींद्र कुमार व मुन्नू त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि उन्हें फंसाया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय गर्ग का कहना है कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।