बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी की अश्लील वीडियो बनाकर युवक उसे हवस का शिकार बनाता रहा। गर्भवती हुई तो पंचायत में आरोपी युवक के साथ किशोरी का निकाह का फरमान सुनाया गया। मगर, इस निकाह पर किशोरी के पिता ने एतराज उठाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पिता का कहना है कि यह निकाह उसकी बेटी की मर्जी के बिना कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि वह छह माह पूर्व पुणे में मजदूरी करने गया था। उसकी 16 वर्षीय पुत्री गांव में रह रही थी। पुत्री की पड़ोसी सहेली से संबंध थे सहेली ने उसकी पुत्री को बहलाफुसला लिया। आरोप है कि आरोपी युवक ने उसकी पुत्री को अपनी हवस का शिकार बनाया। उसकी अश्लील वीडियोक्लिप भी बना ली। वीडियोक्लिप के नाम पर ब्लैकमेल करते हुए शारीरिक शोषण किया जाता रहा। इससे उसकी पुत्री गर्भवती हो गई। डरते हुए किशोरी ने पूरी बात बताई।
पिता के मुताबिक यह मामला पंचायत में पहुंच गया। इसमें पंचोें के फरमान पर बेटी की मर्जी के बिना ही आरोपी युवक से उसका निकाह कर दिया गया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी पक्ष के लोग परेशान करने के लिए धमकियां देते रहे। यह भी आरोप है कि दो दिन पहले ही गर्भवती बेटी को कमरे में बंद कर चाकू की नोंक पर आरोपी के बड़े भाई ने भी शारीरिक शोषण किया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अता मोहम्मद का कहना है कि तहरीर आई है। अभी इस मामले की जांच चल रही है। पूरे तथ्य सामने आने पर ही कार्रवाई की जाएगी।