मंडावली में थाने के एक चौकीदार ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पुत्र ने कर्ज के बोझ में दबे पिता द्वारा सुसाइड करने की आशंका जताई। उधर, एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
नजीबाबाद तहसील के गांव रामनगर निवासी विपिन त्यागी (50) मंडावली थाने का चौकीदार था। शनिवार सुबह विपिन का शव मंडावली-नांगल मार्ग पर गांव मिर्जापुर सैद में सड़क किनारे मुजाहिद उर्फ मुन्ना के खेत पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त होने पर मृतक के परिजनों को खबर की। मृतक की पत्नी विनीता, पुत्र सौरभ व अन्य परिजन विपिन त्यागी का शव देखकर बिलख पड़े।
मृतक के पुत्र सौरभ ने बताया उसके पिता शुक्रवार सुबह किसी काम से चंडीगढ़ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उन पर सहकारी समिति, बैंक और विद्युत निगम का करीब ढाई लाख रुपये का कर्ज था। वे तनाव में काफी शराब भीपीने लगे थे, जिसके चलते उन्होंने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष ने कर्ज के चलते सुसाइड करने की बात से अनभिज्ञता जताई।
उधर, गांव कल्लरवाली में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ऋषिपाल कश्यप की पुत्री राखी (23) का शव शनिवार दोपहर करीब दो बजे घर से कुछ फासले पर अपने खेत पर पेड़ से लटका मिला। उसके गले में दुपट्टे का फंदा पड़ा था। राखी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। राखी द्वारा सुसाइड करने के कारणों का पता नहीं लग सका। मंडावली पुलिस ने थाने के चौकीदार और युवती के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।