हल्दौर में प्रधानी चुनाव में हारे प्रत्याशी ने रविवार रात विजेता प्रत्याशी के समर्थक के घर पर फायरिंग कर पथराव किया। इसके बाद आरोपी दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए और महिलाओं के साथ अभद्रता कर मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने सात लोगों के खिलाफ पुलिस में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हल्दौर ब्लॉक क्षेत्र के गांव फजलपुर ढाकी में ग्राम पंचायत चुनाव में प्रत्याशी रूबी ने राबिया को हरा दिया। हार से राबिया के परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। राबिया के परिजन नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान रूबी के समर्थक आसिफ के घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने वोट न देने की बात कहते हुए गाली-गलौज की और फायरिंग की। इसके बाद दरवाजे पर पथराव किया। पथराव से आसिफ के परिवार की दो महिलाओं के चोट लग गई।
आरोपियों ने आसिफ के घर का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुस आए। उन्होंने घर की महिलाओं के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। आरोपी काफी देर तक हंगामा करते रहे। इसके बाद वे नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान रूबी के घर पहुंचे। घर के बाहर खड़े होकर उन्होंने गाली गलौज की और नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के पति को मारने की धमकी दी। सूचना पर सीओ सदर रामानंद कुशवाहा रात में ही पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। सोमवार सुबह ग्रामीण एकत्र होकर थाने पहुंचे। आसिफ ने जमशेद, दिलशाद, नौशाद, इकबाल, मुंशी, अनीस, शमशेर को नामजद करते हुए सात लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, महिलाओं के साथ अभद्रता, तोड़फोड़ आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी हल्दौर सुरेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
चुनावी रंजिश में घर में आग लगाई
धामपुर में गांव निवासी योगेंद्र कुमार चौहान जो बीएड कालेज के प्रबंधक हैं, उन्होंने बताया कि प्रधानी के चुनाव में उनका भाई खड़ा था, जो चुनाव हार गया। दूसरे पक्ष को जीत मिलने पर उनके समर्थक गांव में जबरदस्त आतिशबाजी कर रहे थे।
रविवार रात करीब पौने 11 बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने मकान की चारदीवारी फांदकर उनके घर के आंगन में खड़ी बाइक में आग लगा दी और फरार हो गए। अचानक बाइक में लपटें उठती देखी, तब तक आग विकराल रूप ले चुका था। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया। लेकिन आग के कारण मकान की दीवारों और लेंटर में दरारें आ गईं हैं। आग से बाइक पूरी तरह नष्ट हो गई।
योगेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। रात में ही सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। उन्होंने तहरीर सौंप दी है। उधर, कोतवाल रवींद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं।